रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
विभाग की टीम ने कई नर्सिंग होम और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान नियमों और व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की अचानक हुई कार्रवाई के बाद रुड़की क्षेत्र के अन्य निजी अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
यह अभियान पंजीकरण प्राधिकरण कार्यालय के नोडल अधिकारी और एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर के निर्देशन में चलाया गया।
निजी स्वास्थ्य संस्थानों का किया गया निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने
रुड़की क्षेत्र में संचालित विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
टीम ने संस्थानों के पंजीकरण से जुड़े दस्तावेजों, उपलब्ध रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में विभाग को उपलब्ध कराई गई चिकित्सकों की सूची
और मौके पर मौजूद चिकित्सकों के बीच अंतर पाया गया।
विभाग ने इसे नियमों के अनुपालन से जुड़ा गंभीर विषय माना।

तीन संस्थानों पर हुई सीलिंग की कार्रवाई
जांच के दौरान सामने आई कमियों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए
ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया।
विभाग का कहना है कि पंजीकरण के आधार पर संचालित होने वाले सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित नियमों
और मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
एसीएमओ राजेश कुंवर ने कहा कि पंजीकृत संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता, जरूरी व्यवस्थाएं
और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित होना चाहिए।
नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद निजी स्वास्थ्य संस्थानों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य नर्सिंग होम, क्लीनिक
और निजी स्वास्थ्य संस्थानों का भी निरीक्षण किया जा सकता है।
इस कार्रवाई को निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
विभाग ने संचालकों को अपने दस्तावेज, चिकित्सकों से संबंधित रिकॉर्ड
और संस्थान की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के संकेत दिए हैं।
निरीक्षण टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान निरीक्षण टीम में डॉ. राव, सहायक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी अंशु तोमर
और जूनियर असिस्टेंट सोहेल शामिल रहे। टीम ने संस्थानों की व्यवस्थाओं
और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की।
विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/uttarakhand-swine-flu-cases-408/
![]()
