देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े मामले में देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, इस मामले में कथित रूप से शामिल उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी बरेली से हिरासत में लिया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से विशेष जांच दल (SIT) पूछताछ कर रहा है।
मंत्री रेखा आर्य ने पति के खिलाफ दर्ज कराई थी शिकायत
इस पूरे मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने
अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून की कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में उन्होंने कई गंभीर आरोप लगाए थे।
मंत्री का आरोप था कि गिरधारी लाल साहू ने पहले से विवाहित होने की बात छिपाकर उनसे शादी की।
इसके अलावा मारपीट, गाली-गलौच, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने
और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे।
शिकायत में यह भी कहा गया था कि फर्जी हस्ताक्षर और कथित रूप से तैयार किए गए
कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटा दिया गया।
नौ सदस्यीय SIT ने शुरू की थी मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के एसएसपी ने एसपी ग्रामीण प्रथम के
पर्यवेक्षण में नौ सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया था।
इसके बाद SIT ने जांच को आगे बढ़ाते हुए संबंधित ऑडियो क्लिप
अपने कब्जे में ली और मामले से जुड़े कई लोगों के बयान दर्ज किए।
जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने गिरधारी लाल साहू के साथ
उनके भतीजे सतेंद्र राठौर की कथित भूमिका की भी जांच की।
पुलिस के अनुसार, दोनों की संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य सामने आए हैं।
चार कंपनियों के निदेशक पद में बदलाव का मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि कथित फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से रेखा आर्य
को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाकर उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को निदेशक बनाया गया था।
इन कंपनियों में देवों के देव महादेव, बनखंडी रुद्राक्ष धाम, श्री अंबे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड
और श्री बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम शामिल हैं।
इस पूरे मामले में दस्तावेजों की भूमिका और कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है।
गिरधारी लाल साहू पर 44 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या
हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत 44 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
दोनों आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 6 नवंबर को गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया गया।
वहीं, उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली के जोगी नवादा इलाके से पकड़ा गया।
फिलहाल SIT दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों, दस्तावेजों और आरोपों की जांच में जुटी है।
आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/07/uttarakhand-andolankari-monthly-assistance/
![]()