देहरादून: उत्तराखंड में बदलते मौसम के साथ सीजनल बीमारियों का असर बढ़ता जा रहा है।
इस बीच स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों में भी लगातार इजाफा हो रहा है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 25 नए मरीज मिले हैं।
इनमें 11 मामले देहरादून और 14 मामले दूसरे जिलों से सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 408 हो गई है।
इनमें से 324 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 82 मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वाइन फ्लू से अब तक दो मरीजों की मौत की जानकारी सामने आई है।
बच्चों और बुजुर्गों में ज्यादा मामले
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
उपलब्ध आंकड़ों में बच्चों और बुजुर्गों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
408 संक्रमित मरीजों में 1 से 10 वर्ष की उम्र के 66 बच्चे शामिल हैं।
वहीं 11 से 20 वर्ष की आयु के 31, 21 से 30 वर्ष के 41 और 31 से 40 वर्ष के 34 मरीज संक्रमित पाए गए हैं।
इसके अलावा 41 से 50 वर्ष की आयु के 44, 51 से 60 वर्ष के 67, 61 से 70 वर्ष के 70, 71 से 80 वर्ष के 42 और 81 से 90 वर्ष की आयु के 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

महिलाओं की तुलना में पुरुषों में संक्रमण ज्यादा
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में स्वाइन फ्लू से संक्रमित पुरुषों की संख्या महिलाओं से अधिक है।
कुल 408 मरीजों में 224 पुरुष और 184 महिलाएं शामिल हैं।
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण
स्वाइन फ्लू होने पर मरीज में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से:
- तेज बुखार और ठंड लगना
- लगातार खांसी होना
- गले में खराश या दर्द
- सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द
- कमजोरी और अत्यधिक थकान
- नाक बहना या नाक बंद होना
- सांस लेने में परेशानी
- बच्चों में उल्टी या दस्त की समस्या
1 हजार से ज्यादा सैंपल की जांच
स्वास्थ्य विभाग बदलते मौसम के बीच संदिग्ध मरीजों की जांच पर विशेष जोर दे रहा है।
अब तक स्वाइन फ्लू की जांच के लिए 1,017 सैंपल लिए गए हैं।
इनमें 269 सैंपल देहरादून और 139 सैंपल अन्य जिलों के पॉजिटिव पाए गए हैं।
विभाग की ओर से अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच के साथ उनकी स्थिति पर भी निगरानी रखी जा रही है।
कोरोना और डेंगू के मरीज भी बढ़े
स्वाइन फ्लू के साथ ही उत्तराखंड में कोरोना और डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए अब तक 531 सैंपल लिए गए हैं
जिनमें 46 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 20 मरीज देहरादून और 26 अन्य जिलों के हैं।
वहीं डेंगू की जांच के लिए करीब 27,839 सैंपल लिए गए हैं।
इनमें 150 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। देहरादून में 75 और अन्य जिलों में 75 मरीज मिले हैं।
इनमें से 128 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 22 मरीजों का इलाज चल रहा है।
संक्रमण से बचाव के लिए बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, संक्रमण से बचने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना जरूरी है।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने, हाथों को नियमित रूप से साफ करने और खांसी या छींकते समय मुंह ढकने की सलाह दी जाती है।
लक्षण दिखाई देने पर भीड़ से दूरी बनाए रखें और पर्याप्त आराम करें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें और दवाओं का सेवन डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करें।
स्वास्थ्य अधिकारियों को मॉनिटरिंग के निर्देश
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार के साथ उनकी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।
देहरादून के सीएमओ मनोज शर्मा के मुताबिक, स्वास्थ्य अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामलों में बढ़ोतरी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/haridwar-women-assault-video-viral-pathri/
![]()
