हरिद्वार: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
पदार्था गांव के बाजार में विवाद के दौरान कुछ युवकों ने दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पथरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि एक एनजीओ से जुड़ी महिलाओं
और पदार्था गांव के एक युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
गुरुवार को कुछ महिलाएं युवक के घर पहुंचीं। वहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।
कुछ ही देर में कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और मामला सड़क तक पहुंच गया।

बीच सड़क पर महिलाओं के साथ मारपीट
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में कुछ महिलाओं और युवकों के बीच बातचीत होती दिखाई दे रही है।
इसी दौरान एक महिला युवक की ओर बढ़ती है और उसके साथ मारपीट शुरू कर देती है।
इसके बाद वहां मौजूद दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंचते हैं।
वीडियो में युवक महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
एक महिला को सड़क पर गिरा दिया जाता है।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने नीचे गिरी महिला को पैर से भी मारा।
भीड़ बनी रही तमाशबीन
घटना के दौरान बाजार में काफी संख्या में लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि वायरल वीडियो में किसी व्यक्ति को महिलाओं और युवकों के बीच हो रही मारपीट रोकने के लिए आगे आते हुए नहीं देखा जा रहा है।
इसी वजह से घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दोनों महिलाएं घायल होकर बेहोश भी हो गई थीं।
हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में शिकायत मिलने की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शुरू की वीडियो की जांच
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है।
महिलाओं की ओर से अभी तक मारपीट के संबंध में शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो और शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच जारी है
और शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/xi-jinping-india-visit-brics-summit-2026/
![]()
