Ankita Murder Case: उर्मिला सनावर के घर पर पुलिस ने फिर से नोटिस चस्पा किए, मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रहीं - Uttarakhand Highlights

Ankita Murder Case: उर्मिला सनावर के घर पर पुलिस ने फिर से नोटिस चस्पा किए, मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रहीं

Rain Water Harvesting

अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों में बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद पुलिस के सामने पेश न होने पर अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को भी हरिद्वार पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला के आवास पर नोटिस चस्पा किए। तय समय में पेश न होने की स्थिति में गिरफ्तारी वारंट हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली और झबरेड़ा थाने में दर्ज मुकदमों में नोटिस जारी किए गए हैं। इससे पहले बहादराबाद थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी उसे नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुई। तीन बार नोटिस जारी होने के बावजूद पेश न होने को पुलिस गंभीरता से ले रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य स्तर की एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।

दुष्यंत गौतम का नाम उछाले जाने के बाद विवाद और गहरा गया
एसटीएफ को भी उर्मिला की तलाश में लगाया गया है। दरअसल, भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच सामने आए ऑडियो क्लिप के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी। ऑडियो में अंकिता हत्याकांड को लेकर भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम उछाले जाने के बाद विवाद और गहरा गया।

इस मामले को लेकर शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ् के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद थाने में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए उर्मिला को नोटिस भेजा था।

अब ज्वालापुर और झबरेड़ा थानों में दर्ज मामलों में भी नोटिस चस्पा किए जाने के बाद पुलिस का रुख और सख्त हो गया है। यदि उर्मिला सनावर दो दिन के भीतर पुलिस के सामने उपस्थित नहीं होती है तो कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *