Srishti Kandari : उत्तराखंड महिला आयोग ने लिया संज्ञान ,कहा मानसिक टॉर्चर करने वाले हर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी

देहरादून: डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता एवं शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला चर्चाओं का विषय बना हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने महिला की मृत्यु और उससे जुड़े प्रताड़ना के मामले का संज्ञान लिया है. आयोग ने साफ किया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

RAIN WATER HARVESTING HD

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसएसपी देहरादून, प्रमेन्द्र डोभाल और क्षेत्राधिकारी (सीओ) डोईवाला वंदना वर्मा से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. बातचीत के दौरान आयोग अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों को मामले के हर पहलू की बिना किसी ढिलाई के निष्पक्ष और गहनता से जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों से साफ जाहिर होता है कि पीड़िता को अत्यधिक मानसिक व शारीरिक टॉर्चर का सामना करना पड़ा. इस प्रताड़ना के कारण उसका मानसिक संतुलन इस हद तक प्रभावित हुआ, जो उसकी मौत का कारण बना

 

ऐसे में इस कृत्य में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. आयोग की अध्यक्ष ने पीड़िता के शोकाकुल परिजनों से भी फोन पर बात की और उन्हें सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि राज्य महिला आयोग इस कठिन घड़ी में पूरी तरह से पीड़िता के परिवार के साथ खड़ा है. एक बेटी के साथ हुआ यह मानसिक और शारीरिक अत्याचार अत्यंत हृदयविदारक है, इसलिए आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि परिवार को त्वरित और पूर्ण न्याय मिले.

राज्य महिला आयोग इस पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहा है. पुलिस प्रशासन से समय-समय पर जांच की प्रगति रिपोर्ट तलब की जाएगी. उन्होंने कहा वो उत्तराखंड की हर बेटी और महिला से कहना चाहती हैं कि जुल्म सहना भी अपराध है, अगर आपके साथ घर में या बाहर किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न हो रहा है, तो चुप न रहें। राज्य महिला आयोग हर कदम पर आपके साथ खड़ा है. निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराएं, दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई होगी, न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है.

 

पढ़ें-https://uttarakhandhighlights.com/haridwar-news-the-pace-of-kanwadis-will-be-slow-flood-will-increase-after-august-4/

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *