पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के साथ ही जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक हो गया है. चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के पास कुल 198 करोड़ रुपये की संपत्ति है. यह चुनावी मुकाबला बिहार की भावी राजनीतिक दिशा तय करने में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
शैक्षणिक और व्यावसायिक सफर: प्रशांत किशोर ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीबीए की डिग्री लेने के बाद फ्रेंच भाषा का कोर्स किया था. इसके बाद उन्होंने हैदराबाद के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया से मास्टर्स इन हेल्थकेयर मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी की. वेधा वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक प्रशांत किशोर ने राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में देश में एक बड़ी पहचान बनाई है.

पीके की बड़ी संपत्ति: हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर के पास कुल 96 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति दर्ज है. इसमें उनकी चल संपत्ति लगभग 22.19 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति का मूल्य करीब 73 करोड़ रुपये है. प्रशांत किशोर पर एक बैंक का 5.77 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है, जबकि उन्होंने अपनी कंपनी को 8.31 करोड़ का ऋण दिया है.
कई राज्यों में अचल संपत्तियों का जाल: प्रशांत किशोर के नाम पर बिहार के पैतृक गांव और बक्सर में पैतृक भूमि मौजूद है. इसके अलावा उनके पास पटना की पाटलिपुत्र कॉलोनी और नई दिल्ली के वसंत विहार में कीमती संपत्तियां हैं. दिल्ली से सटे गाजियाबाद में प्रशांत किशोर के नाम पर दो फ्लैट हैं, जबकि दो अन्य फ्लैटों में उनकी आधी हिस्सेदारी दर्ज है.
प्रशांत किशोर पर दर्ज लंबित मामले: प्रशांत किशोर के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल आठ आपराधिक मामले लंबित पाए गए हैं. इन मामलों में मानहानि, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. हालांकि प्रशांत किशोर ने हलफनामे में यह स्पष्ट किया है कि इनमें से किसी भी मामले में कोर्ट द्वारा आरोप तय नहीं किए गए हैं.

जन सुराज और सामाजिक कार्यों में दान: प्रशांत किशोर की कंपनी वेधा वेंचर्स ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान जन सुराज को 10 करोड़ रुपये का चंदा दिया है. इसके अतिरिक्त चुनावी हलफनामे में जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये देने का उल्लेख है. वहीं वर्ष 2023-24 में ‘जॉय ऑफ गिविंग’ संस्था को भी 2.75 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया है.
डॉ. जाह्नवी दास की चल और अचल संपत्ति: प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास संपत्ति के मामले में अपने पति से आगे हैं. हलफनामे के मुताबिक डॉ. जाह्नवी दास के नाम पर कुल 112 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है. इसमें से उनके पास करीब 89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और लगभग 12 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति मौजूद है.

डॉ. जाह्नवी दास के वित्तीय लेनदेन का ब्यौरा: डॉ. जाह्नवी दास ने अपने पति प्रशांत किशोर को वित्तीय सहयोग के तौर पर 41 लाख रुपये का कर्ज दिया है. पेशे से चिकित्सक डॉ. जाह्नवी दास अक्सर लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं. उनके नाम पर गुवाहाटी में दो फ्लैट, एक आलीशान बंगले में आंशिक हिस्सेदारी और नोएडा में भी कीमती संपत्ति दर्ज है.
बांकीपुर उपचुनाव पर टिकीं सबकी निगाहें: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन के इस्तीफे से बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई है. इस बेहद चर्चित उपचुनाव में जन सुराज ने प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा है. वहीं भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा, राजद से रेखा गुप्ता और तेज प्रताप की पार्टी से वीणा मानवी के आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
नामांकन के बाद बदलाव का शंखनाद: नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रशांत किशोर ने अपने समर्थकों को जोश के साथ संबोधित किया. उन्होंने कहा कि यह नामांकन सिर्फ उनका व्यक्तिगत चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक तस्वीर का प्रतीक है. उन्होंने जनता से इस व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई में आगे आकर अपनी बड़ी भूमिका निभाने की अपील की.