हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर खुलेआम मारपीट, हंगामा और हुड़दंग करने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सात पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरिद्वार पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि यह घटना 27 अगस्त की है। सिडकुल थाना क्षेत्र में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते सड़क पर हिंसक झगड़े में बदल गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई।
सड़क पर चले लात-घूंसे और बेल्ट
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ते दिखाई दिए। सड़क पर लात-घूंसे चलने के साथ बेल्ट से भी मारपीट की गई। इस झगड़े में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं।
काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। घटना को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन झगड़ रहे लोग नहीं माने।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
किसी पक्ष ने नहीं दी शिकायत, पुलिस ने खुद लिया संज्ञान
मारपीट में शामिल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी। हालांकि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।
हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मामले की जांच की। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वायरल वीडियो और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर हंगामा करने वाले लोगों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने सात पुरुषों और दो महिलाओं सहित कुल नौ लोगों को हिरासत में ले लिया।
सिडकुल की कंपनियों में काम करते हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी लोग सिडकुल क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे और बताया जा रहा है कि इनमें से कई लोग सिडकुल स्थित कंपनियों में काम करते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत युवतियों से जुड़े एक मामले को लेकर हुई थी।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर हुड़दंग कर आम लोगों को परेशान करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/uttarakhand-over-50-villages-now-grid/
