दून मेडिकल कॉलेज की मेस में एमबीबीएस छात्रों को कीड़े वाली सब्जी परोसने का नया मामला सामने आया है। जब तक पता चलता कि सब्जी में कीड़े हैं करीब 20 छात्र खाना खा चुके थे। पता चलते ही छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।
कीड़े वाला खाना खाकर छात्रों को हुईं उल्टियां
जिन छात्रों ने कीड़े वाला खाना खाया था उन्हें इस बात का पता चलते ही उल्टियां होने लगीं। गनीमत रही कि किसी छात्र की तबीयत नहीं बिगड़ी। सभी छात्र स्वस्थ हैं। कॉलेज उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा है। इस मामले में कॉलेज का पक्ष जानने के लिए प्राचार्य डॉ. गीता जैन को शाम को 7.35 बजे कॉल किया गया लेकिन उनका फोन बंद था।
शुक्रवार को छात्रों को नहीं दिया खाना, भटके छात्र
मेस घोटाले और बुधवार रात हुई घटना के चलते मेस संचालक ने शुक्रवार को छात्रों को खाना नहीं दिया। सुबह छात्र जब नाश्ता करने पहुंचे तो मेस का गेट बंद था। उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि आज खाना नहीं बनाया गया है। इसके बाद छात्रों को बाहर जाकर खाना खाना पड़ा। इससे छात्रों में आक्रोश है।
-घटना के संबंध में जानकारी तलब की गई है। मेस में इस तरह की लापरवाही छात्रों की सेहत बिगाड़ सकती है। मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– डॉ. अजय आर्य, निदेशक चिकित्सा शिक्षा विभाग