देहरादून: पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए ABVP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार देर रात पटेल नगर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
मामले के अनुसार, कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और ABVP से जुड़े कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं की मदद कर रहे हैं। शुक्रवार शाम कुछ कार्यकर्ता सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी और चालान काटे जा रहे थे। आरोप है कि वहां खड़ी कार्यकर्ताओं की बाइकों के भी चालान कर दिए गए।
एक कार्यकर्ता ने जब पुलिसकर्मियों से चालान काटने की वजह पूछी तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की और उसके साथ गाली-गलौज भी की।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, विवाद के बाद कुछ लोगों को पुलिस वाहन में बैठाकर पटेल नगर थाने ले जाया गया। आरोप है कि थाने में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही ABVP के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। इसके बाद थाना परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि अगर किसी छात्र या कार्यकर्ता से गलती हुई थी तो पुलिस को कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और कथित तौर पर मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने ABVP कार्यकर्ताओं से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद घटनाक्रम में शामिल दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही मामले की विभागीय जांच कराने का आश्वासन दिया गया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है और पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच कराई जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
ये भी पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/roorkee-fierce-collision-between-four-bikes-three-youths-died/
