रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पिरान कलियर क्षेत्र में चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त की देर रात चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान सभी बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि चारों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय अयान पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, 24 वर्षीय राजू पुत्र कदम सिंह और 18 वर्षीय राजीव पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है।
हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें एम्स अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार रुड़की के अस्पताल में जारी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शुरुआती जांच में चारों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
