देहरादून: पटेल नगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे दो संदिग्धों ने पीछा किए जाने पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी
जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग निकला।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी की पहचान अंकित चौहान, निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद की है।
फरार आरोपी की पहचान अंकुर के रूप में हुई है
और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं।
बड़ोवाला में बैंक कर्मचारी पर हुई थी फायरिंग
मामला 8 सितंबर की उस घटना से जुड़ा है,
जिसमें बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंक कर्मचारी सत्यम कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया गया था।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला अपने फुफेरे भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी।
वी-मार्ट चौक से आगे पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी को रोकने की कोशिश की और सत्यम पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद पटेल नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
आने-जाने वाले रास्तों की भी जांच की गई।
इसी दौरान पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि बड़ोवाला में फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के इरादे से देहरादून लौटे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पटेल नगर इलाके में चेकिंग तेज कर दी।
गोरखपुर चौक के पास पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखकर दोनों बाइक लेकर प्रेम नगर की तरफ भागने लगे।

चाय बागान की पगडंडी पर पुलिस से हुई मुठभेड़
पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा किया। कुछ दूरी पर दोनों ने मोटरसाइकिल छोड़ दी
और चाय बागान की पगडंडी से जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस के अनुसार
पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई।
वहीं, उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
घायल अंकित को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।
5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने का आरोप
पुलिस पूछताछ में अंकित ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर
एक बैंक कर्मचारी को जान से मारने की सुपारी ली थी।
पुलिस के अनुसार, इस काम के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान हरिद्वार निवासी मोहित के जरिए एक महिला से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक महिला एक निजी बैंक में नौकरी करती थी
और उसकी पहचान वर्ष 2020 में बैंक में साथ काम करने वाले बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी।
आरोप है कि महिला का सत्यम के साथ लंबे समय तक संबंध रहा।
महिला ने पुलिस पूछताछ में बताए गए घटनाक्रम के अनुसार, सत्यम पर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया।
बाद में सत्यम ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली
जिसके बाद कथित तौर पर महिला ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
एडवांस में दिए गए थे 1.20 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, सत्यम की हत्या के बदले अंकित को 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।
इसमें से 1 लाख 20 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे।
बाकी रकम हत्या के बाद देने की बात कही गई थी।
पुलिस का कहना है कि महिला ने कथित तौर पर सत्यम की तस्वीर
और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी आरोपियों को उपलब्ध कराई थी।
दिल्ली और हरियाणा भाग गए थे आरोपी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, 8 सितंबर को आरोपी अपने साथी के साथ देहरादून पहुंचा था।
दोनों ने बैंक के बाहर सत्यम का इंतजार किया। शाम करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से बाहर निकलने के बाद आरोपियों ने उसका पीछा किया।
शिमला बायपास रोड के बड़ोवाला क्षेत्र में सुनसान जगह देखकर आरोपियों ने सत्यम की स्कूटी के आगे बाइक लगाई और उस पर गोली चला दी।
फायरिंग में सत्यम घायल हो गया। आसपास लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए दोनों पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए थे।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात वे कथित तौर पर बची हुई रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून पहुंचे थे।
इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में दोनों फंस गए और भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
फिलहाल घायल आरोपी अंकित पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती है
जबकि फरार अंकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों और जंगल क्षेत्र में तलाश कर रही है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/uttarakhand-seva-sankalp-abhiyan-pm-modi-birthday/
![]()
