Dehradun News : डालनवाला में युवक पर तलवार-खुखरी से जानलेवा हमला, तीन नामजद समेत 10-15 लोगों पर मुकदमा

देहरादून के डालनवाला में एक युवक पर तलवार, खुखरी, लाठी और बेसबॉल के डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, कोतवाली डालनवाला पुलिस ने रिस्पना नदी ब्लॉक-2 निवासी प्रतीक कोरी की शिकायत पर संगम चौहान, रोहित त्यागी उर्फ खान, बबुवा तथा 10 से 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमला, लूटपाट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, घटना 1 जुलाई की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की है। पीड़ित प्रतीक कोरी अपने बेटे को चक्कूवाला स्थित उसकी नानी के घर से लेने जा रहा था। आरोप है कि ईसी रोड स्थित आनंद भवन के पास पहले से घात लगाए बैठे संगम चौहान, रोहित त्यागी उर्फ खान, बबुवा और उनके साथ मौजूद 10 से 15 युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर तलवार, खुखरी, लाठी और बेसबॉल के डंडो से लैस थे तथा जान से मारने की नीयत से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में उसे कमर, गर्दन, हाथ और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। आंख के पास पांच टांके लगे हैं, जबकि शरीर में कई अंदरूनी चोटें भी आई हैं।

घायल को पहले उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे कराया गया। चिकित्सकों ने उसे करीब एक महीने तक आराम करने की सलाह दी है।

तहरीर में पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी अवैध वसूली और नशे के कारोबार में संलिप्त हैं और उनके खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

कोतवाली डालनवाला पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *