गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों को कुल 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। इस दौरान सीएम धामी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान व देखभाल की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जागरूकता बढ़ाने और योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ लेने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
रोजगार के अवसर बढ़े
सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं से गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और आवास जैसी योजनाओं ने लोगों का जीवन आसान बनाया है। वहीं मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और राष्ट्रीय आजीविका मिशन से रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
बताया कि अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जा रहे हैं। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी योजना से जोड़ा जा रहा है। स्वरोजगार और पलायन रोकथाम योजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और बेरोजगारी दर में कमी आई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।