भारत पर्व में दिखेगी उत्तराखंड की झांकी… ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ है झांकी की थीम

देहरादून: इस साल ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ थीम के तहत भारत पर्व में उत्तराखंड की झांकी प्रदर्शित की जाएगी. आगामी 26 से 31 जनवरी तक दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में भारत पर्व के दौरान उत्तराखंड की विकास यात्रा के दर्शन कर सकेंगे. इस साल उत्तराखंड की झांकी की थीम ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ रखी गई है, जो आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप राज्य की सांस्कृतिक, आर्थिक के साथ पारंपरिक आत्मनिर्भरता को दर्शाती है.

उत्तराखंड सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक एवं झांकी के नोडल अधिकारी केएस चौहान ने बताया कि ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ झांकी के ट्रैक्टर सेक्शन में पारंपरिक वाद्य यंत्रों ‘ढोल’ और ‘रणसिंघा’ की आकर्षक तांबे की प्रतिकृतियां हैं, जो उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ शिल्पी कारीगरों की कलात्मक महारत का प्रतीक है.

ताम्र कला की बारीकियां आएंगी नजर: ट्रेलर सेक्शन के पहले भाग में ‘तांबे के मंजीरे’ की एक बड़ी मूर्ति दिखाई गई है, जो तांबे की कला की बारीकियों को विस्तार से दर्शाती है. इसके अलावा बीच के सेक्शन में खूबसूरती से बनाए गए तांबे के बर्तन जैसे ‘गागर’, ‘सुरही’, ‘कुण्डी’ को दर्शाया गया है, जो उत्तराखंड के पारंपरिक घरेलू जीवन के अहम हिस्सा हैं.इस सेक्शन के नीचे और साइड पैनल पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘भोंकोर’ के प्रमुख चित्रणों से सजाए गए हैं, जो सांस्कृतिक कहानी को और भी ज्यादा समृद्ध करते हैं. झांकी के पिछले सेक्शन में ‘तांबे के कारीगर’ की एक आकर्षक मूर्ति लगाई है, जो अपने हाथों से तांबे के बर्तन बनाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *