Nainital : भारी बारिश से हालात बिगड़े, कई नदियां उफान पर; 46 सड़कें बंद

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बीते 24 घंटों में हुई तेज बारिश के कारण जिले की कई नदियां और नाले उफान पर आ गए हैं। प्रशासन ने नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

RAIN WATER HARVESTING HD

कैंची धाम क्षेत्र में शिप्रा नदी तेज बहाव के साथ बह रही है, जबकि हल्द्वानी में गौला नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट पर है। रामनगर क्षेत्र की कोसी और दाबका नदियों में भी पानी का बहाव तेज हो गया है। वहीं पदमपुरी क्षेत्र में कालसा नदी के उफान पर आने से आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, जिले के कई इलाकों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। नैनीताल स्नो व्यू में सबसे अधिक 217 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि हल्द्वानी-काठगोदाम में 166 मिमी बारिश हुई। मुक्तेश्वर और चोरगलिया में 107.7 मिमी, कैंची धाम में 105 मिमी तथा खनस्यू क्षेत्र में 92.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भारी बारिश का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। जिले में तीन राज्य मार्ग, दो मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 41 ग्रामीण सड़कें बाधित हो गई हैं। कुल मिलाकर कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित है। संबंधित विभाग जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर सड़कों को खोलने में जुटे हुए हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बारिश से अब तक चार लोगों की मौत की सूचना है। इसके अलावा 54 भवनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जबकि एक भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। दो पशुओं की मौत और तीन गौशालाओं को नुकसान की जानकारी भी सामने आई है। एक सितंबर को भीमताल क्षेत्र में एक बच्ची के नाले में बह जाने से मौत हो गई थी।

नैनीताल तहसील के अल्चौना-पांडेछोर इलाके में ककड़िया नाले में भारी मात्रा में मलबा और पानी आने से मकान और गौशालाएं प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने यहां प्रभावित 20 परिवारों को उनके मवेशियों सहित गांव के सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें।

ये भी पढ़ें: https://uttarakhandhighlights.com/rudraprayag-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%aa-%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%9c%e0%a4%a8%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%b0%e0%a5%81%e0%a4%a6%e0%a5%8d/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *