रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई. हादसा कोर कॉलेज के पास हाईवे पर हुआ है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के मुताबिक, 3 अगस्त सोमवार की सुबह दो मजदूर रोज की तरह बाइक पर सवार होकर मजदूरी पर जाने के लिए निकले थे, इसी दौरान हरिद्वार हाईवे पर स्थित कोर कॉलेज के पास एक कंपनी के कर्मचारियों को लेने जा रही बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. बताया गया है कि टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसा होते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही तत्काल सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लिया. इसी के साथ पुलिस ने बस चालक को भी हिरासत में ले लिया.
मृतकों की पहचान महबूब (45 वर्ष) निवासी बेलड़ा कोतवाली सिविल लाइन रुड़की और राशिद निवासी मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के रूप में हुई है. जिसके बाद पुलिस ने मृतकों के परिवारों को हादसे की जानकारी दी. हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले दोनों मजदूरों की असमय मौत ने उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. फिलहाल पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया है. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है. तहरीर मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
-प्रदीप बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक, सिविल लाइन कोतवाली-
