पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में शुक्रवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है।
व्यास घाटी के आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ गई है।
नाभीढांग, गुंजी और कुटी सहित 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में
बारिश के साथ रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हो रही है।
उच्च हिमालय में मौसम बदलने का असर निचले इलाकों में भी दिखाई दे रहा है।
धारचूला नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश शुरू हो गई है।
नाभीढांग में शाम से बर्फबारी
केएमवीएन के नाभीढांग पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक नरेंद्र बिष्ट के अनुसार
शुक्रवार शाम करीब चार बजे से क्षेत्र में बीच-बीच में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो रही है।
करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित नाभीढांग में बर्फ गिरने के बाद तापमान तेजी से नीचे गया है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
वहीं केएमवीएन गुंजी के प्रबंधक होशियार रावत ने बताया कि गुंजी क्षेत्र में भी बारिश के साथ हल्की बर्फबारी जारी है।
उन्होंने बताया कि 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में बर्फ गिर रही है।
मौसम में अचानक हुए बदलाव के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है।
आदि कैलाश की चोटियों पर गिरी पहली बर्फ
आदि कैलाश क्षेत्र में भी मौसम का पहला हिमपात देखने को मिला है।
करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव के होम स्टे संचालक कुंवर सिंह कुटियाल ने बताया
कि आदि कैलाश की चोटियों और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो चुकी है।
बारिश और हिमपात के बाद इलाके में ठंड काफी बढ़ गई है।
खराब मौसम के चलते आदि कैलाश यात्रा पर रोक
व्यास घाटी में इन दिनों आदि कैलाश यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं।
ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और लगातार बारिश से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।
मौसम खराब होने के चलते शनिवार को आदि कैलाश यात्रा पर रोक लगाई गई है।
धारचूला क्षेत्र में भी मौसम का प्रभाव नजर आया।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में बारिश शुरू होने के करीब एक घंटे बाद धारचूला नगर
और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश शुरू हो गई।
शाम के समय बारिश तेज होने से तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
शनिवार को पिथौरागढ़ के स्कूलों में अवकाश
लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले में शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं धारचूला तहसील प्रशासन ने भी शनिवार को इनर लाइन परमिट जारी नहीं करने का निर्णय लिया है।
एसडीएम आशीष जोशी के अनुसार, 20 सितंबर से 25 सितंबर के बीच कुल 2,783 इनर लाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं।
खराब मौसम को देखते हुए आगे की आवाजाही पर भी प्रशासन नजर बनाए हुए है।
बारिश के कारण पिथौरागढ़ में 11 सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण जिले में कई मोटर मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार वर्तमान में 11 सड़कें बंद हैं।
बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से काम किया जा रहा है।
बंद सड़कों की सूची:
- घाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग
- धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग
- तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग
- ड्योरा-बारमू मोटर मार्ग
- देविचौना-जमतड़ी मोटर मार्ग
- बड़ाबे-तोली-शिलिंगिया मोटर मार्ग
- सोबला-उमचिया मोटर मार्ग
- एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग
- घापाबैंड-बुई-पातों मोटर मार्ग
- देविसौना-गराली-कूटा मोटर मार्ग
- कंज्योति-नारायण आश्रम मोटर मार्ग
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में लगातार बारिश के चलते 11 सड़कें बंद हैं।
मार्गों को खोलने के लिए कार्रवाई की जा रही है। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
चमोली में भी बारिश के साथ हिमपात
उधर, चमोली जिले में भी शनिवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।
जिले के निचले क्षेत्रों में सुबह से बारिश जारी है, जबकि ऊंचाई वाले हिमालयी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है।
विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम और सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में सुबह से हिमपात हो रहा है।
बर्फबारी और बारिश के कारण दोनों क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में धुंध और कोहरे का असर भी दिखाई दे रहा है।
बर्फबारी से बदरीनाथ और हेमकुंड का नजारा बदला
बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर बर्फ गिरने के बाद यहां का प्राकृतिक नजारा बेहद आकर्षक हो गया है।
बर्फ की सफेद चादर से ढके पहाड़ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
बताया जा रहा है कि इस सीजन में हेमकुंड साहिब में दूसरी बार बर्फबारी हुई है।
वहीं बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा फिलहाल जारी है।
बारिश और हिमपात के बीच तीर्थस्थलों पर पहुंचे श्रद्धालु बदले मौसम और बर्फबारी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
![]()
