हरिद्वार जिला अस्पताल में हंगामा, इमरजेंसी के शीशे तोड़े; CCTV में कैद घटना

हरिद्वार: मेला अस्पताल परिसर स्थित जिला अस्पताल में देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ।

RAIN WATER HARVESTING HD

विवाद के दौरान एक पक्ष के कुछ लोग बचने के लिए अस्पताल की इमरजेंसी में चले गए।

इसी बीच दूसरे पक्ष के कई लोग अस्पताल परिसर में पहुंच गए और इमरजेंसी के बाहर हंगामा करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और धारदार हथियार थे।

हमलावरों ने इमरजेंसी के बाहर लगे शीशों पर पत्थर फेंके, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा।

पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

आधी रात को अस्पताल में फिर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, देर रात पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

इसके बाद दोनों पक्ष मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे।

रात करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

स्थिति बिगड़ने पर एक पक्ष के कई लोग इमरजेंसी की ओर भागे और अंदर जाकर लोहे का गेट बंद कर दिया।

इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग इमरजेंसी के बाहर पहुंच गए और कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में धारदार हथियार लहराता दिखा शख्स

घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में कुछ लोग इमरजेंसी के बाहर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, हेलमेट पहने एक व्यक्ति के हाथ में धारदार लोहे का हथियार नजर आ रहा है।

वह गेट के पास पहुंचकर हथियार लहराता और गेट खोलने का प्रयास करता दिखाई देता है।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने समय रहते इमरजेंसी का गेट बंद कर दिया।

इससे भीड़ अंदर प्रवेश नहीं कर सकी और अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा बनी रही।

अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना

मेला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शशिकांत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बड़ी संख्या में लोग अस्पताल की ओर आते दिखाई दे रहे हैं।

कुछ लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और धारदार हथियार भी नजर आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भीड़ ने इमरजेंसी के शीशों को क्षतिग्रस्त किया और अंदर घुसने की कोशिश की

लेकिन कर्मचारियों ने गेट बंद कर स्थिति को संभाल लिया।

जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई है।

अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की कर रही पहचान

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के मुताबिक, वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है।

उन्होंने बताया कि यदि घटना का संबंध महिला पर फायरिंग के मामले से है तो उस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

वहीं अस्पताल में हंगामा और मारपीट करने वाले लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।

पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है।

 

 

ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/dehradun-mall-delivery-boy-marpeet-security-guard-arrest/

Loading

One thought on “हरिद्वार जिला अस्पताल में हंगामा, इमरजेंसी के शीशे तोड़े; CCTV में कैद घटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *