देहरादून: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
वायरल वीडियो में एक सुरक्षा गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में डिलीवरी बॉय माफी मांगता नजर आता है, लेकिन इसके बावजूद गार्ड उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करता रहता है।
इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति गार्ड को रोकने की कोशिश करता भी दिखाई देता है।
रास्ते को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार देर शाम की है। डिलीवरी बॉय एक ऑर्डर लेने के लिए मॉल पहुंचा था।
आरोप है कि वह मॉल परिसर में निर्धारित मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से जाने की कोशिश कर रहा था।
इसी बात को लेकर वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे रोक लिया।
इसके बाद डिलीवरी बॉय और सिक्योरिटी गार्ड के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक सुरक्षा गार्ड ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में दोनों के बीच बहस भी दिखाई दे रही है।
शराब के नशे में होने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिक्योरिटी गार्ड की पहचान 45 वर्षीय महेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।
मौके पर पुलिस टीम ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस ने महेंद्र सिंह को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
वायरल वीडियो में खुद को पूर्व सैनिक बता रहा गार्ड
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मारपीट करने वाला व्यक्ति खुद को पूर्व सैनिक बताते हुए दिखाई दे रहा है।
वह डिलीवरी बॉय के साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करता है।
मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय अपनी बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है।
फिलहाल डिलीवरी बॉय की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पीड़ित की पहचान भी सार्वजनिक नहीं हुई है। पुलिस का कहना है
कि शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा- घटना की वजह की जांच जरूरी
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, अभी पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है
कि डिलीवरी बॉय निर्धारित मार्ग के बजाय किसी अन्य प्रतिबंधित रास्ते से मॉल के अंदर जाने का प्रयास कर रहा था।
हालांकि, पुलिस के मुताबिक विवाद किस वजह से बढ़ा
और मारपीट की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/cm-dhami-rahul-gandhi-statement/
![]()
