Almora : वायरल वीडियो के बाद महिलाओं के लिए हाईटेक सार्वजनिक शौचालय बनाने के दिए निर्देश

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में आज भी सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। खासतौर पर महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय न मिलने के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर शौचालय बने तो हैं, लेकिन उनकी हालत इतनी खराब है कि उनका उपयोग करना संभव नहीं होता। कहीं गंदगी का अंबार है तो कहीं शौचालयों पर ताले लटके रहते हैं।

RAIN WATER HARVESTING HD

ऐसा ही एक मामला अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवती ने अपनी सहेली के साथ हुई परेशानी को सोशल मीडिया के जरिए लोगों के सामने रखा। युवती का वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन और सरकार तक पहुंच गया, जिसके बाद सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था को लेकर कार्रवाई शुरू हुई।

मासिक धर्म के दौरान सहेली को हुई परेशानी

सोमेश्वर घाटी की एक बेटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि उसकी सहेली को मासिक धर्म के दौरान बाजार में तत्काल शौचालय की जरूरत महसूस हुई। शौचालय की तलाश में उन्होंने सोमेश्वर बाजार में एक रेस्टोरेंट संचालक से वहां का वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली।

इसके बाद उन्हें तल्ली बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय के बारे में बताया गया। काफी खोजबीन के बाद जब वे वहां पहुंचीं तो शौचालय की स्थिति बेहद खराब मिली। बताया गया कि वहां दरवाजे तक की उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते युवती और उसकी सहेली को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

वीडियो के जरिए उठाया महिलाओं की सुविधाओं का मुद्दा

युवती ने सवाल उठाया कि यदि मुख्य बाजार में ही महिलाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और उपयोग योग्य सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं हैं तो दूर-दराज के गांवों से बाजार आने वाली महिलाओं को जरूरत पड़ने पर आखिर कहां जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सोमेश्वर बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां खरीदारी, इलाज, सरकारी कार्यों और अन्य जरूरी कामों से पहुंचती हैं। हालांकि सामाजिक संकोच और लोक-लाज के कारण कई महिलाएं इस तरह की समस्याओं को खुलकर सामने नहीं रख पातीं।

वायरल वीडियो के बाद सरकार और प्रशासन में हलचल

सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा में आने के बाद सरकार तक पहुंचा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विधायक और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के संज्ञान में भी यह मामला आया।

इसके बाद मंत्री ने सोमेश्वर मुख्य बाजार में आधुनिक और हाईटेक सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जिला पंचायती राज अधिकारी, अल्मोड़ा को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगा लाभ

मंत्री की ओर से भेजे गए पत्र में सोमेश्वर मुख्य बाजार को क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक और आवागमन केंद्र बताया गया है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। सार्वजनिक शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था न होने से विशेष रूप से महिलाओं के अलावा बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जनसुविधा, स्वच्छता और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए सोमेश्वर बाजार में आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई व्यवस्था शुरू होने के बाद बाजार आने वाली महिलाओं और अन्य लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

 

ये भी पढ़ेhttps://uttarakhandhighlights.com/dehradun-cantt-road-par-speed-ka/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *