रुद्रप्रयाग: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के क्षेत्र में रुद्रप्रयाग जनपद ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कायाकल्प योजना 2025-26 के तहत जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ने जिला अस्पताल श्रेणी में उत्तराखंड स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है।
इतना ही नहीं, जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रणधार को जिले की सर्वश्रेष्ठ PHC का दर्जा मिला है, जबकि आयुष्मान आरोग्य मंदिर खांखरा ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया है।
कई मानकों पर होता है स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थानों का विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।
मूल्यांकन के दौरान अस्पताल और वार्डों की साफ-सफाई, संक्रमण की रोकथाम, बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता सुविधाएं, भवन और परिसर का रखरखाव तथा मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता को परखा जाता है।
इसके अलावा सपोर्ट सर्विसेज, स्वच्छता को बढ़ावा देने की व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और संस्थागत प्रबंधन जैसे पहलुओं को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाता है।
रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल ने फिर दोहराई सफलता
इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ने जिला अस्पताल श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। अस्पताल की इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी और पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष ने खुशी जताई।
यह पहली बार नहीं है जब जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ने यह उपलब्धि हासिल की हो। इससे पहले वर्ष 2022 में भी अस्पताल कायाकल्प योजना के तहत राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त कर चुका है।
अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
रणधार PHC जिले में प्रथम
कायाकल्प योजना के तहत जिले के स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों को सम्मानित किया गया। बेस्ट PHC श्रेणी में जखोली विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रणधार ने पहला स्थान हासिल किया।
वहीं, पीएचसी तिलवाड़ा और पीएचसी बसुकेदार को बेहतर प्रदर्शन के लिए कमेंडेशन अवार्ड प्रदान किया गया।
खांखरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी अव्वल
सर्वश्रेष्ठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर श्रेणी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर खांखरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, आयुष्मान आरोग्य मंदिर जवाड़ी को प्रथम रनरअप घोषित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके द्विवेदी ने सभी विजेता स्वास्थ्य संस्थानों की टीमों को बधाई दी।
अधिकारियों ने कहा कि यह सफलता स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों, अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और बेहतर टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से भविष्य में भी स्वच्छता, गुणवत्ता और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपील की।
ये भी पढ़ें : https://uttarakhandhighlights.com/snow-covered-areas-of-uttarakhand/
