रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर स्थित गर्जिया क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बाघ के आबादी के बेहद करीब पहुंचने से हड़कंप मच गया। कॉर्बेट पार्क के जंगल से निकले बाघ ने नेशनल हाईवे-309 के पास एक घोड़े पर हमला कर दिया और उसे अपना शिकार बनाकर जंगल की ओर खींच ले गया। घटना के बाद आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के पास पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के समीप हुई। आबादी से सटे इस इलाके में बाघ ने घोड़े को निशाना बनाया और देखते ही देखते उसे घसीटकर जंगल की तरफ ले गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की आवाजें भी सुनाई देती रहीं।
दिन के उजाले में आबादी और हाईवे के इतने करीब बाघ की मौजूदगी ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है। घटना स्थल ऐसा क्षेत्र है जहां दिनभर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। झूला पुल की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए बाघ की मौजूदगी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीमें बाघ की संभावित लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं।
रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने लोगों से जंगल और उसके आसपास के इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। उन्होंने विशेष तौर पर लोगों को झूला पुल की दिशा में अनावश्यक आवाजाही न करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।
फिलहाल वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। आबादी के इतने करीब दिन के समय बाघ द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आ रही हैं, इसलिए गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।
