Kotdwar News : हाईवे पर हाथियों का तांडव, टेंपो ट्रैवलर क्षतिग्रस्त; ढाई घंटे लगा जाम - Uttarakhand Highlights

Kotdwar News : हाईवे पर हाथियों का तांडव, टेंपो ट्रैवलर क्षतिग्रस्त; ढाई घंटे लगा जाम

Rain Water Harvesting

पौड़ी गढ़वाल: लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज में सोमवार सुबह हाथियों के बड़े झुंड के हाईवे पर पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर हाथियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया, जबकि एक टेंपो ट्रैवलर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे पीडब्ल्यूडी स्टोर के पास अचानक हाथियों का झुंड हाईवे पर आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया। वाहन में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे। बताया गया कि गाड़ी में मध्याह्न भोजन से जुड़ा सामान और शिक्षकों के लंच टिफिन भी रखे थे।

हाथियों ने टेंपो ट्रैवलर पर हमला कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया। वाहन के भीतर रखा सामान बिखर गया और शिक्षकों के पर्स में रखी नकदी भी नष्ट हो गई। हाथियों के अचानक आक्रामक होने से वाहन में बैठे शिक्षकों के बीच दहशत फैल गई। सभी ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर जाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद शिक्षक वापस अपने घर चले गए।

बताया जा रहा है कि झुंड ने हाईवे से गुजर रहे कुछ अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों की मौजूदगी के कारण वाहन चालक आगे बढ़ने का जोखिम नहीं उठा सके। सुबह करीब 5 बजे से 7:30 बजे तक हाईवे पर यातायात लगभग थमा रहा और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।

रास्ता बाधित होने से बिगड़ी स्थिति

कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ वाहन चालकों ने अनजाने में हाथियों के झुंड का रास्ता दोनों तरफ से रोक दिया था, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

इसके अलावा, हाईवे के नीचे बह रही नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण हाथियों के पास सुरक्षित रूप से निकलने के विकल्प भी सीमित थे। रेंजर के अनुसार, झुंड में कई शिशु हाथी मौजूद थे। बच्चों के साथ होने के कारण हाथी ज्यादा सतर्क और आक्रामक हो गए, जिसके चलते उन्होंने वाहनों पर हमला किया।

वन विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर रवाना किया। इसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सामान्य हो सका।

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर फिर उठे सवाल

कोटद्वार में हाईवे पर हाथियों के पहुंचने की यह घटना मानव और वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती चुनौती को सामने लाती है। वन्यजीवों के आवागमन वाले क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

वन विभाग ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि सड़क पर हाथियों का झुंड दिखाई देने पर उनसे पर्याप्त दूरी बनाए रखें। हाथियों को घेरने, उनका रास्ता रोकने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे जान का खतरा बढ़ सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *