Haldwani News : बारिश से जलभराव, 5 ग्रामीण मार्ग बाधित; प्रशासन अलर्ट पर - Uttarakhand Highlights

Haldwani News : बारिश से जलभराव, 5 ग्रामीण मार्ग बाधित; प्रशासन अलर्ट पर

Rain Water Harvesting

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते हल्द्वानी समेत कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर जारी बारिश के कारण शहर के निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई सड़कों और रास्तों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। लगातार वर्षा के चलते कई स्थानों पर सड़क बाधित होने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जनपद में अलर्ट जारी कर संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, आपदा प्रबंधन कक्ष के माध्यम से जिले में बारिश और मानसून की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बाधित होने या भूस्खलन की सूचना मिलते ही संबंधित मशीनरी को मौके पर भेजकर मार्ग खोलने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए।

प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ा दी है। सड़क बंद होने की स्थिति में जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें।

नैनीताल जिले में कहां कितनी बारिश हुई?

बीते समय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज बारिश इस प्रकार रही:

  • नैनीताल: 47.0 मिमी
  • हल्द्वानी: 23.0 मिमी
  • कालाढूंगी: 22.0 मिमी
  • चोरगलिया: 15.5 मिमी
  • कैंची धाम: 10.0 मिमी
  • रामनगर: 3.2 मिमी
  • खन्स्यू: 6.0 मिमी
  • बेतालघाट: 2.5 मिमी
  • मुक्तेश्वर: 0.3 मिमी
  • जिले की औसत वर्षा: 13.0 मिमी

बैराजों से छोड़ा गया पानी

बारिश के बीच विभिन्न बैराजों से भी पानी नदी में छोड़ा गया है। गौला बैराज से 1,479 क्यूसेक, कोसी बैराज से 3,643 क्यूसेक और नंधौर नदी से 540.10 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।

प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, गौला बैराज का चेतावनी स्तर 27,576 क्यूसेक और खतरे का स्तर 41,364 क्यूसेक है। वहीं, कोसी बैराज का चेतावनी डिस्चार्ज 51,786 क्यूसेक और खतरे का डिस्चार्ज 76,998 क्यूसेक है। नंधौर नदी के लिए चेतावनी डिस्चार्ज 10,000 क्यूसेक और खतरे का डिस्चार्ज 35,075 क्यूसेक निर्धारित है।

बारिश से 5 ग्रामीण मार्ग प्रभावित

भारी बारिश के कारण नैनीताल जनपद में फिलहाल पांच ग्रामीण मोटर मार्ग बाधित बताए गए हैं:

  1. डोबा–गोनियारो मोटर मार्ग
  2. झड़गांव–चक्सानडुला मोटर मार्ग
  3. सलियाकोट–अनर्पा मोटर मार्ग
  4. कूल मोटर मार्ग
  5. महतोली गांव–मज्यूली मोटर मार्ग

प्रशासन की ओर से इन सभी मार्गों को 17 अगस्त 2026 तक खोलने की संभावित तिथि निर्धारित की गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन और संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *