हरिद्वार: रायवाला थाना क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक थार चालक ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों और बस चालक की ओर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बस में मौजूद एक छात्रा ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मेडिकल छात्रों को लेकर एक बस हरिद्वार की तरफ जा रही थी। नेपाली फार्म के पास एक थार चालक कथित तौर पर बार-बार बस को ओवरटेक कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद हो गया।
जब बस मोतीचूर फ्लाईओवर पर पहुंची तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद बस चालक और थार चालक के बीच बहस होने लगी। मामला शांत कराने के लिए बस में मौजूद कुछ छात्र नीचे उतर आए। इस दौरान बस में बैठी कुछ छात्राएं मोबाइल से पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर रही थीं।
अचानक छात्रों और बस चालक की ओर दौड़ाई थार
आरोप है कि बातचीत के दौरान थार चालक ने अचानक अपना वाहन तेज गति से बस चालक और वहां खड़े छात्रों की तरफ बढ़ा दिया। वाहन अचानक आगे बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छात्रों और बस चालक ने किसी तरह खुद को वाहन की चपेट में आने से बचाया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान बस चालक को चोट भी लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आरोपी चालक थार लेकर मौके से भाग निकला।
कुछ लोग बोनट पर चढ़े, बस में मची चीख-पुकार
वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग थार के बोनट पर चढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, अचानक वाहन दौड़ाए जाने के बाद बस में बैठी छात्राओं के बीच भी चीख-पुकार मच गई।
वीडियो में कथित तौर पर बस चालक, छात्रों और थार चालक के बीच बातचीत होती नजर आती है। इसके कुछ ही देर बाद थार चालक अचानक वाहन को आगे बढ़ा देता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए छात्रों ने वीडियो को सुरक्षित रखा, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले में कनखल, हरिद्वार निवासी अस्पताल कर्मचारी प्राची शर्मा ने रायवाला थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रायवाला पुलिस वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का बयान
रायवाला के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत के अनुसार घटना शाम करीब सात बजे की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और थार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की भी पुष्टि की जा रही है।
