Haridwar Rain: मूसलाधार बारिश के बीच भी नहीं थमी कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा हाईवे

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, भारी बारिश के बावजूद कांवड़ मेले की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। हजारों शिवभक्त बारिश में भीगते हुए कंधों पर कांवड़ उठाकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए।

कांवड़िए ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ कांवड़ पटरी और हाईवे से लगातार आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने कांवड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए आंतरिक मार्गों पर उनकी एंट्री रोक रखी है। कांवड़ियों को निर्धारित कांवड़ पटरी और हाईवे से ही गुजारा जा रहा है।

कई इलाकों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण हरिद्वार के भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल और लाटोवाली समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नगर निगम की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में तैनात हैं और पंपों के जरिए लगातार पानी की निकासी कराई जा रही है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर निगम कर्मचारियों को तैनात किया गया है। लगातार पंप लगाकर जल निकासी का काम किया जा रहा है, ताकि लोगों और कांवड़ियों को परेशानी न हो।

चेतावनी निशान के करीब पहुंचा गंगा का जलस्तर

लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों से छोड़े जा रहे अतिरिक्त पानी के चलते भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 9 बजे गंगा का जलस्तर 292.75 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह चेतावनी निशान 293 मीटर से महज 25 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं गंगा के खतरे का निशान 294 मीटर निर्धारित है।

जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार गंगा के जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं। निचले इलाकों में स्थित बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

गंगा किनारे नहीं जाने की अपील

यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। लोगों से गंगा किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।

आपदा प्रबंधन और पुलिस प्रशासन अलर्ट

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आपदा प्रबंधन, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

वहीं, कांवड़ मेले को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें हाईवे, कांवड़ पटरी और गंगा घाटों पर लगातार तैनात हैं। निगम प्रशासन जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी सुनिश्चित करने में जुटा है, ताकि बारिश के बीच कांवड़ियों की यात्रा प्रभावित न हो।

फिलहाल हरिद्वार में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गंगा के बढ़ते जलस्तर और लगातार जारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *