Haridwar News : कांवड़ियों ने की एक युवक की पिटाई , स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर युवक को बचाया

हरिद्वार में कांवड़ मेला मेला चरम सीमा पर चल रहा है, लेकिन कांवड़ मेले में हुड़दंग की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं. हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में पतंजलि योगपीठ पुल के नीचे कुछ कांवड़ियों ने एक मसाज करने वाले युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी. मामूली बात को लेकर हुए विवाद के बाद कांवड़िए आक्रोशित हो गए और युवक पर टूट पड़े। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और युवक को बेरहमी से पीटा जाने लगा.

बताया जा रहा है कि मसाज के दौरान किसी कारणवश एक कांवड़िए की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई, जिसके बाद कुछ कांवड़ियों ने अपना आपा खो दिया. विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने कानून अपने हाथ में लेते हुए मसाज करने वाले युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी. हंगामे की सूचना मिलते ही कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद युवकों ने भी साहस दिखाते हुए बीच बचाव किया और युवक को भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला.

इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. घटना के दौरान पुल के नीचे काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा. मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई कांवड़िए एक यवक को पीटते हुए नजर आ रहे हैं. कई स्थानीय लोगों ने उसे जैसे तैसे करके छुड़ाया.

 

सूचना मिलते ही चेतन पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया. इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने के बाद एक्शन लिया जाएगा.
-अमरजीत सिंह, बहादराबाद थाना प्रभारी-

अकेला पुलिसकर्मी भीड़ को रोक पाने में बेबस नजर आया. स्थानीय होटल कारोबारी तेज प्रताप सैनी ने बताया कि उन्होंने और उनके साथ मौजूद लोगों ने युवक को वक्त रहते छुड़ा लिया, वरना बड़ी घटना भी हो सकती थी. किसी भी विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता. यदि किसी से कोई गलती हुई भी थी तो इसकी शिकायत पुलिस से की जा सकती थी.

वहीं हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ियों से नियमों का पालन करते हुए कांवड़ यात्रा पूर्ण करने की अपील की है. शांतिभंग और हुड़दंग मचाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *