Dehradun News : जल संस्थान परिसर में घुसकर मारपीट मामला, पार्षद समेत कई लोगों पर केस दर्ज

देहरादून: थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत एमडीडीए डालनवाला स्थित जल संस्थान के आवासीय परिसर में हंगामे और मारपीट का मामला सामने आया है. इस मामले में क्षेत्रीय पार्षद रॉबिन त्यागी,उनके भाई मोंटी त्यागी, सविता त्यागी समेत 10 से 15 अन्य लोगों के खिलाफ अलग – अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी परिसर में जबरन घुसकर कर्मचारियों और उनके परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी है.साथ ही मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं.

जानकारी के अनुसार एमडीडीए डालनवाला निवासी रॉबिन सैनी ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई है कि 29 जुलाई की रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि एक युवक एमडीडीए डालनवाला स्थित ओवरहेड टैंक के ऊपर बैठा है. सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस और जल संस्थान के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसी दौरान एक अन्य युवक भी टैंक की ओर जाने लगा. जिसे पुलिस के आने तक बाहर रुकने के लिए कहा गया

इसी दौरान पार्षद रॉबिन त्यागी, उनके भाई मोंटी त्यागी और 10-15 अन्य लोग जल संस्थान के आवासीय परिसर के बाहर पहुंचे. वे अंदर घुसने का प्रयास करने लगे. जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी. साथ ही मारपीट की धमकी दी. बाद में सभी ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश कर लिया

आरोपियों ने पीड़ित के पिता सुंदर सिंह और परिसर में रहने वाले अन्य लोगों के साथ मारपीट की. साथ ही पीड़ित के पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया. पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़ित ने बताया है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. जिसकी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी.

थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि रॉबिन सैनी की शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में रॉबिन त्यागी, उनके भाई मोंटी त्यागी और 10-15 अन्य लोग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है.

 

पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/srishti-kandari-uttarakhand-women-commission-took-cognizance-said-that-strict-action-will-be-taken-against-every-accused-who-indulges-in-mental-torture/

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *