देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का
देहरादून दौरा राजनीतिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उनके आगमन को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
अमित शाह परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा ने इस आयोजन में 25 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है।
गृह मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भाजपा कार्यकर्ताओं
और आम लोगों को देहरादून पहुंचाया जा रहा है। वहीं, उनके दौरे को देखते हुए पुलिस
और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे अमित शाह
अमित शाह की इस जनसभा को भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है।
वह परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके साथ ही भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में भी हिस्सा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री सुबह करीब 11:30 बजे विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए देहरादून आएंगे। इसके बाद
दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचकर पदयात्रा में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
1500 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात
देहरादून दौरे के दौरान अमित शाह प्रदेश को विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे।
कार्यक्रम में 1500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है।
इन योजनाओं को प्रदेश के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि गृह मंत्री के कार्यक्रम के समय में बदलाव किया गया है।
पहले निर्धारित कार्यक्रम के स्थान पर अब उनका पहला प्रमुख कार्यक्रम परेड ग्राउंड में रखा गया है।
उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
जनसभा के बाद अमित शाह पुलिस लाइन में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होंगे।
यहां उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान पुलिस बल की सेवाओं, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दिया जाता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री दोपहर 1:55 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे।
इसके बाद शाम 4:20 बजे तक वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे।
अमित शाह के इस दौरे को भाजपा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव
2027 की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/06/vasuki-tal-plastic-waste-kedarnath-rudraprayag/
![]()