देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंच गए हैं। यहां आयोजित राज्योत्सव समारोह में
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत और सम्मान किया। सीएम धामी ने अमित शाह को
उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी टोपी, शॉल, गंगाजल और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन से हुई। अपने भाषण में उन्होंने
केंद्र सरकार के फैसलों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह
के नेतृत्व को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए
और उत्तराखंड से जुड़े कई संवेदनशील मामलों पर विपक्ष की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए।
अनुच्छेद 370 हटाने को बताया ऐतिहासिक फैसला
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के
मार्गदर्शन में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
इनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, नागरिकता संशोधन कानून
(CAA) लागू करना और तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करना प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती मिली है।
केंद्र सरकार के इन फैसलों ने देश की दिशा और व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
युवाओं को भड़काने और हिंसा फैलाने वालों पर सीएम का हमला
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को गुमराह करने और माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को भड़काना, अफवाह फैलाना और हिंसा को बढ़ावा देना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सीएम धामी ने चुनावी नतीजे अनुकूल नहीं आने पर कांग्रेस द्वारा ईवीएम, एसआईआर और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर भी निशाना साधा।
जेनी और तंदूर कांड पर कांग्रेस की चुप्पी को लेकर सवाल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने भाषण में जेनी प्रकरण और तंदूर कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस से सवाल किया
कि इन मामलों पर पार्टी के नेता चुप क्यों हैं?
उन्होंने अजीत डोभाल के कथित अपमान और अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताए
जाने संबंधी कथित बयान पर भी कांग्रेस की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेता अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपियों को
सजा दिलाने के लिए कार्रवाई कर रही सरकार पर सवाल उठाते हैं
लेकिन दूसरे गंभीर मामलों पर उनकी चुप्पी समझ से परे है।
मुख्यमंत्री के इस संबोधन के दौरान कांग्रेस पर उनके हमले चर्चा का प्रमुख विषय रहे।
अमित शाह की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम को उत्तराखंड की आगामी राजनीतिक
गतिविधियों और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/06/amit-shah-dehradun-visit-uttarakhand-2027-election/
![]()