देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में क्रिप्टो ट्रेडिंग, AI आधारित निवेश
और डिजिटल टोकन में मुनाफे का लालच देकर करीब 1.55 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है।
क्लेमेंट टाउन थाने में मुख्य आरोपी लविश चौधरी उर्फ नवाब अली समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर पहुंचकर क्रिप्टो निवेश की दी गई जानकारी
शिकायतकर्ता चंद्र बल्लभ शुक्ला के अनुसार, फरवरी 2024 में लविश चौधरी कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचा था।
आरोप है कि इस दौरान क्रिप्टो ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई
और Meta Trade समेत कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खाते खुलवाकर निवेश करने के लिए कहा गया।
शुरुआत में 60 हजार रुपये जमा कराए गए। शिकायत के मुताबिक निवेश पर 5 से 8 प्रतिशत तक रिटर्न का भरोसा दिया गया था।
कुछ योजनाओं में तीन महीने और छह महीने की अवधि के आधार पर 10 से 15 प्रतिशत तक रिटर्न देने की बात कही गई।
कई डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कराया गया निवेश
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद BotBro, BotAlpha, Cross Market
Mine Crypto, Manu Life, My Chain और TLC Coin समेत कई प्लेटफॉर्म के नाम पर निवेश कराया गया।
आरोप है कि Zoom मीटिंग, WhatsApp, Telegram और सोशल मीडिया के जरिए इन योजनाओं का प्रचार किया जाता था।
इन प्लेटफॉर्म को AI आधारित ट्रेडिंग, क्रिप्टो और डिजिटल टोकन से जुड़ा बताया गया।
अलग-अलग खातों में जमा कराई गई लाखों की रकम
शिकायतकर्ता के अनुसार, अप्रैल 2024 से फरवरी 2025 के बीच कई बार रकम जमा कराई गई।
इसमें 1.10 लाख, 1.20 लाख, 1.50 लाख, 3.60 लाख और अन्य रकम शामिल हैं।
बताया गया है कि भुगतान Chapter Money Solution Private Limited, NPAY Box Private Limited
और अन्य खातों में किए गए। शिकायतकर्ता ने लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं।
पैसा वापस मांगने पर मांगी गई अतिरिक्त रकम
आरोप है कि निवेश की रकम और मुनाफा वापस लेने की मांग करने पर फंड रिलीज, ट्रांसफर
और टोकन खरीदने के नाम पर अतिरिक्त भुगतान करने को कहा गया।
अक्टूबर 2025 में कथित तौर पर पुराने प्लेटफॉर्म को बंद कर फंड नए प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर करने की बात कही गई।
हालांकि, शिकायतकर्ता के मुताबिक इसके बाद भी निवेश की रकम वापस नहीं मिली।
कई शिकायतों के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
शिकायतकर्ता ने मार्च 2026 में एसएसपी देहरादून को प्रार्थना पत्र दिया था।
इसके बाद RBI Sachet पोर्टल, EOW उत्तराखंड और साइबर क्राइम कार्यालय में भी शिकायत की गई।
इसके बाद क्लेमेंट टाउन थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब बैंक लेनदेन
डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, लविश चौधरी उर्फ नवाब अली के खिलाफ देहरादून के रायपुर थाने में पहले से धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं।
उन मामलों में भी करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
नए मामले में पुलिस ने अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम की धारा 21
और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
मामले में कुल छह आरोपियों को नामजद किया गया है और जांच जारी है।
ये भी पढ़े :https://uttarakhandhighlights.com/2026/10/01/oni-village-aangan-ka-milan-program-rekha-arya/
![]()
