देहरादून: राजधानी देहरादून में पुलिस ने किराए के मकान में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान एक नाबालिग लड़की को भी बरामद किया गया, जिसे पुलिस के अनुसार दिल्ली से घूमाने के बहाने देहरादून लाया गया था।
किराए के कमरे में चल रहा था कथित देह व्यापार
पुलिस को 1 अक्टूबर को हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए मकान पर छापा मारा।
पुलिस के मुताबिक, मौके से तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक नाबालिग लड़की मिली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री के साथ कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़ी 18 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की।
दिल्ली से महिलाओं को बुलाने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मामले का मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराए पर लिया था।
आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के इलाकों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क करता था।
पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से WhatsApp के जरिए बातचीत की जाती थी और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं।
पसंद के आधार पर महिलाओं को किराए के कमरे या ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजने का आरोप है।
मसूरी घूमाने के बहाने लाई गई नाबालिग
पुलिस के अनुसार, मामले में एक नाबालिग लड़की को भी रेस्क्यू किया गया है।
आरोप है कि उसे घूमाने का झांसा देकर दिल्ली से देहरादून लाया गया
और फिर कमरे में रोककर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया गया।
पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग से संबंधित पहचान और अन्य संवेदनशील विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा के अलावा अभिषेक, भानू उर्फ सिद्धान्त और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में पुलिस ने दिल्ली और देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों का पता बताया है।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो अधिनियम
और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, ग्राहकों और पैसों के लेनदेन समेत पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/10/02/laksar-26-year-old-woman-kidnapping-case-haridwar/
![]()
