Dehradun : घरेलू विवाद के बाद महिला की हत्या, पति हिरासत में; पाटल से वार करने का आरोप

देहरादून: डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान महिला के पति ने पाटल से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

RAIN WATER HARVESTING HD

पुलिस के अनुसार, मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी पति का नाम रामजी लाल है और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है।

तीन महीने पहले देहरादून आया था परिवार

जानकारी के मुताबिक, रामजी लाल करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में देहरादून आया था। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ यहां रह रहा था। लगभग दस दिन पहले ही परिवार ने डालनवाला क्षेत्र की मोहनी रोड पर किराये पर कमरा लिया था।

पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। बताया जा रहा है कि घटना के दिन सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया था। पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामजी लाल ने पाटल से पत्नी के गले पर हमला कर दिया।

वारदात के बाद फरार हो गया था आरोपी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

मृतका की बहन सोनू पाल के मुताबिक, दोनों के बीच पहले किसी बड़े विवाद या तनाव की जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि रामजी लाल नशे का आदी था और आशंका है कि घटना के समय भी उसने नशा किया हुआ था।

पुलिस जुटा रही हत्या की वजह

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *