Dehradun News :12 घंटे में नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड दुरुस्त, CM धामी ने किया निरीक्षण; 16 दिन बाद क्षतिग्रस्त होने पर हुआ था विवाद

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 10 अगस्त को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य को लेकर विस्तृत जानकारी भी ली।

RAIN WATER HARVESTING HD

12 घंटे में पूरा हुआ पुनर्निर्माण

नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने के बाद राज्य सरकार ने तत्काल संबंधित विभागों को राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर युद्धस्तर पर काम किया गया और एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण महज 12 घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया।

एप्रोच रोड के जल्द दुरुस्त होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में मदद मिली और लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिली। मुख्यमंत्री धामी ने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना की।

28 जुलाई को भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ था पुल

गौरतलब है कि 28 जुलाई को भारी बारिश के बाद नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई थी। मामला इसलिए भी सुर्खियों में आया था क्योंकि पुल का उद्घाटन इसके क्षतिग्रस्त होने से महज 16 दिन पहले ही हुआ था।

करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की एप्रोच रोड के इतने कम समय में क्षतिग्रस्त होने को लेकर विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी।

जांच के बाद कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड

मामला तूल पकड़ने के बाद सरकार की ओर से जांच कराई गई। जांच के बाद निर्माणदायी संस्था का लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही कई अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी। नंदा की चौकी पुल को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हुए थे।

अब मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर पहुंचकर एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें निर्माण की गुणवत्ता और मौके पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *