Almora News : अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा से मिले केंद्रीय मंत्री, फ्लाइंग व्हीकल प्रोजेक्ट की सराहना

अल्मोड़ा: अपने फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप को लेकर चर्चा में आए अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की। सर्किट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने रवि से उनके फ्लाइंग व्हीकल के डिजाइन, तकनीक और अब तक किए गए परीक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

RAIN WATER HARVESTING HD

अजय टम्टा ने रवि के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सफल टेस्टिंग के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य उत्तराखंड से निकलकर युवा जिस तरह तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं, वह उत्साह बढ़ाने वाला है। उन्होंने रवि के प्रोजेक्ट को देश की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता का उदाहरण बताते हुए भविष्य में जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

रवि टम्टा अल्मोड़ा के रहने वाले हैं और पिछले कुछ समय से अपने फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप को लेकर सुर्खियों में हैं। रवि का दावा है कि उन्होंने उड़ने वाले वाहन का प्रोटोटाइप तैयार कर उसका सफल परीक्षण किया है। उनके इस प्रयोग की चर्चा अब स्थानीय स्तर से निकलकर दूसरे क्षेत्रों तक भी पहुंच रही है।

मुलाकात के दौरान रवि ने केंद्रीय मंत्री को अपने प्रोटोटाइप की कार्यप्रणाली और अब तक किए गए प्रयोगों की जानकारी दी। अजय टम्टा ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और युवाओं के ऐसे प्रयास तकनीकी क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर सकते हैं। उन्होंने स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने की दिशा में हो रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

रवि टम्टा का कहना है कि उनका लक्ष्य आधुनिक तकनीक की मदद से ऐसा फ्लाइंग व्हीकल विकसित करना है, जो भविष्य में परिवहन के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल सके। केंद्रीय मंत्री से मिली सराहना और सहयोग के भरोसे के बाद रवि को अपने प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की उम्मीद और मजबूत हुई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *