Rudrapur : थार सवार पर्यटकों का हुड़दंग, गाड़ी की छत पर शराब पीकर युवकों ने किया हंगामा

रुद्रपुर: शहर के रोडवेज बस अड्डे के पास बीती शाम कुछ युवकों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने का मामला सामने आया है. दिल्ली-नैनीताल हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर एक थार वाहन की छत पर चढ़कर युवकों ने खुलेआम बीयर पी, शोर-शराबा किया और काफी देर तक उत्पात मचाया. घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

RAIN WATER HARVESTING HD

थार में सवार युवक शराब की दुकान के बाहर पहुंचे और वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी छत पर चढ़ गए. इसके बाद उन्होंने हाथों में बीयर की कैन और बोतलें लेकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. युवकों के शोर-शराबे और हरकतों से आसपास मौजूद लोगों, राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोग इस दौरान वहां रुक गए और युवकों को सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का व्यवहार न करने की सलाह दी.स्थानीय लोगों ने जब युवकों का विरोध किया तो कुछ देर तक बहस भी हुई. लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया

वीडियो बनता देख युवक वहां से निकलने की तैयारी करने लगे. इसी बीच किसी ने मामले की सूचना बाजार चौकी पुलिस को दे दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही थार सवार युवक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए.सूचना मिलने पर बाजार चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने रोडवेज परिसर और हाईवे किनारे सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पी रहे अन्य लोगों के खिलाफ अभियान चलाया. पुलिसकर्मियों ने ऐसे लोगों को मौके से हटाया और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर सख्त चेतावनी दी.

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है. यदि वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान होती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा.
-उत्तम सिंह नेगी एसपी सिटी-

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी घटना की जानकारी ली और वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि रोडवेज और हाईवे क्षेत्र में शाम के समय शराब की दुकानों के आसपास अक्सर कुछ लोग खुलेआम शराब पीते नजर आते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है. उनका कहना है कि ऐसे स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त और सख्ती की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/uttarkashi-news-gangotri-highway-sinks-again-in-papadgad-crack-widens-rapidly/

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *