Jaspur : सर्राफा कारोबारी लूटकांड, पुलिस ने दो बदमाशों को किया अरेस्ट, दो पहले ही जा चुके जेल - Uttarakhand Highlights

Jaspur : सर्राफा कारोबारी लूटकांड, पुलिस ने दो बदमाशों को किया अरेस्ट, दो पहले ही जा चुके जेल

Rain Water Harvesting

रुद्रपुर: जसपुर में सर्राफा कारोबारी से लूट मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले पुलिस ने इस लूटकांड के दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था. मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी थी. आरोपियों के पास से पुलिस को लूटी गई ज्वेलरी, नकदी, मोबाइल, दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए है. उधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले का खुलासा किया.

उधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीती 14 सितंबर शाम को सर्राफा व्यापारी संजीव कुमार वर्मा अपने बेटे के साथ बाइक पर दुकान बंद कर ज्वेलरी के साथ रेहड़ से जसपुर अपने घर जा रहे थे. तभी बीच रास्ते में हाईवे के पास जेनेसिस तिराहे (सूतमिल कट) पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की बाइक को लात मारकर रोड किनारे गिरा दिया.

इसके बाद बदमाशों ने हथियारों के बल पर सर्राफा व्यापारी संजीव कुमार और उसके बेटे से बैग लूटा. बैग में जेवरात, कुछ नकदी और दो मोबाइल फोन थे. संजय वर्मा की तहरीर पर जसपुर कोतवाली में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीम का गठन किया. पुलिस की गठित टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला और बदमाशों को चिन्हिंत किया.

इस बीच 25-26 सितंबर की रात को चेकिंग के दौरान पुलिस का सामना लूटकांड में शामिल बदमाश दिलशाद और साजिद उर्फ कल्लन से हो गया था. इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल भी हो गए थे. इसके बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.

वहीं, सोमवार 30 सितंबर को भी पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर मुरलीवाला शरीफनगर रोड पर बने खंडर से लूट कांड में शामिल अन्य दो बदमाश इरफान और रिजवान को अरेस्ट किया. दोनों के पास से पुलिस के एक-एक तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए.

पुलिस के मुताबिक इस लूटकांड को चारों आरोपियों ने ही मिलकर अंजाम दिया था. दिलशाद और साजिद उर्फ कल्लन शातिर बदमाश है, जिन पर यूपी और उत्तराखंड के कई थानों में लूट, डकैती, चोरी और गैंगस्टर जैसे मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज है. इरफान पर भी कई मुकदमे दर्ज है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *