Govind Ballabh Pant Jayanti: धूमधाम से मनाई जा रही है पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 137वीं जयंती, सीएम धामी और योगी ने किया याद, भट्ट ने चढ़ाए पुष्प - Uttarakhand Highlights

Govind Ballabh Pant Jayanti: धूमधाम से मनाई जा रही है पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 137वीं जयंती, सीएम धामी और योगी ने किया याद, भट्ट ने चढ़ाए पुष्प

Rain Water Harvesting

हल्द्वानी: महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पूरे प्रदेश में आज धूमधाम से मनाई जा रही है. जगह-जगह श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनको याद किया जा रहा है. हल्द्वानी के तिकोनिया स्थित पंत पार्क में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर सांसद अजय भट्ट ने माल्यार्पण कर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किये.

 

पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती: इस दौरान अजय भट्ट ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देशभक्त, समाजसेवी तथा कुशल प्रशासक बताया. उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगारी प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त इन बुराइयों को मिटाने में अहम भूमिका निभाई. इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आज के युवाओं को उनके जीवन परिचय से सीख लेनी चाहिये. उन्होंने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि वे हमारे राज्य में जन्मे थे. देश की आजादी में पंडित गोविंद बल्लभ पंत का बड़ा योगदान रहा और कुशल राजनीतिज्ञ होने के चलते उनको भारत रत्न से सम्मानित किया गया. ये उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है.

अल्मोड़ा के खूंट गांव में हुआ था पंत जी का जन्म: बता दें कि गोविंद बल्लभ पंत का जन्म उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में 10 सितंबर 1887 को हुआ था. इनकी मां का नाम गोविंदी देवी और पिता का नाम मनोरथ पंथ था. बचपन में पिता की मौत हो जाने के बाद उनकी परवरिश उनके नाना बद्री दत्त जोशी ने की. गोविंद बल्लभ पंत को 1937 से 1939 तक ब्रिटिश भारत में संयुक्त प्रांत के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार दिया गया. संयुक्त प्रांत में 1946 के चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया और उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाया गया. जिसके बाद गोविंद बल्लभ पंत 1946 से 1949 तक संयुक्त प्रांत (उत्तर प्रदेश) के सीएम रहे. इसके बाद गोविंद बल्लभ पंत 1955 से 1968 तक गृह मंत्री भी रहे और 1971 में उनका निधन हो गया.

संयोजक ने क्या कहा: भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती के मुख्य संयोजक गोपाल रावत ने बताया कि आज उनकी जयंती पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है. इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को भी सम्मानित किया गया.

सीएम धामी ने किया नमन: पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें याद किया. धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- महान स्वतंत्रता सेनानी, देश के पूर्व गृहमंत्री व उत्तरप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री, भारत रत्न से अलंकृत पं. गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती पर कोटिशः नमन। राष्ट्र के उत्थान में आप द्वारा दिया गया योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

 

 

 

यूपी सीएम योगी ने दी पुष्पांजलि: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत को पुष्पांजलि दी. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा– महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री व देश के पूर्व गृह मंत्री, ‘भारत रत्न’ पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पावन जयंती के अवसर पर आज लखनऊ​ में लोक भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। अविभाजित उत्तर प्रदेश और भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। आदरणीय पंत जी को विनम्र श्रद्धांजलि!

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *