Uttarakhand : गैरसैंण के रोहिड़ा में भारी बारिश से मकान गिरा, सात माह की गर्भवती महिला की मौत - Uttarakhand Highlights

Uttarakhand : गैरसैंण के रोहिड़ा में भारी बारिश से मकान गिरा, सात माह की गर्भवती महिला की मौत

Rain Water Harvesting

गैरसैंण: उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर लोगों के जेहन में साल 2013 में आई आपदा की यादें ताजा कर दी हैं. इस बार भी कुछ ही घंटे की बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया. इस दौरान कई जगह लोगों के घरों में पानी घुस गया तो वहीं कई मोटर मार्ग भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गए. गैरसैंण तहसील में बारिश काल बनकर बरसी है. तहसील के रोहिड़ा में मकान गिरने से 7 माह की गर्भवती महिला की दबकर मौत हो गई.

मकान के मलबे में दबी गर्भवती दीपा: जानकारी के मुताबिक, बीती शाम यानी 31 जुलाई की देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के कारण गैरसैंण तहसील के ग्राम पंचायत रोहिड़ा के झोडू सिमार तोक में एक मकान गिर गया. जिससे उसके नीचे मलबे में दबने से एक सात माह की गर्भवती दीपा देवी पत्नी राकेश भारती (उम्र 26 वर्ष) की मौत हो गई.

ऐसे हुआ हादसा: प्रधान प्रतिनिधि गोविंद सिंह ने बताया कि रात करीब 8 बजे के आस पास महिला ये देखने गई थी कि कहीं घर के अंदर पानी तो नहीं घुस गया. तभी मकान भरभरा कर गिर गया. जिसके नीचे महिला दब गई. ग्रामीणों ने कई घंटों की खोजबीन के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला. साथ ही मामले की पूरी जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी.

सुबह 3 बजे पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम: वहीं, जगह-जगह रोड टूटने और गांव का रास्ता करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल होने से प्रशासन, पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी सुबह 3 बजे तक मौके पर पहुंच पाई. आज सुबह महिला को प्रशासन के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपा देवी को मृत घोषित कर दिया.

गैरसैंण थाना पुलिस ने बताया कि दीपा देवी 7 महीने की गर्भवती थी. बताया जा रहा कि मकान कच्चा था और मकान के पीछे से मलबा आने से एक हिस्सा टूट गया है. उसमें दीपा देवी निवास कर रही थीं. पुलिस की ओर से विधिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल, पंचनामा भरकर दीपा देवी की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेजा गया है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *