दिल्ली में नहीं बनने देंगे केदारनाथ मंदिर, कांग्रेस का जगह-जगह प्रदर्शन; कहा- ये सनातन से धोखा - Uttarakhand Highlights

दिल्ली में नहीं बनने देंगे केदारनाथ मंदिर, कांग्रेस का जगह-जगह प्रदर्शन; कहा- ये सनातन से धोखा

Rain Water Harvesting

गढ़वाल में कांग्रेस ने ब्लॉक और जिला मुख्यालयों में दिल्ली में केदारनाथ मंदिर निर्माण के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद चारधाम में तीर्थ पुरोहितों ने मंगलवार को आंदोलन समाप्त कर दिया था। लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे पर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर ही बुवार को कांग्रेस नेताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए।

जोशीमठ में केदारनाथ मुद्दे पर कांग्रेस भाजपा पर भड़की

दिल्ली में केदारनाथ का प्रतीकात्मक मंदिर बनाने के विरोध में बुधवार को जोशीमठ में कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। श्रीराम चौराहे में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिल्ली में निर्माणाधीन केदारनाथ मंदिर के शिलान्यास में जाना सनातन धर्म और हिन्दू धर्मावलंबियों के साथ खुला धोखा है।

प्रमुख हरीश परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली में केदारनाथ मंदिर के शिलान्यास में जाकर यह सिद्ध कर दिया कि भाजपा हिन्दू धर्म का मात्र चुनावी उपयोग करती है। वास्तव में भाजपा का हिन्दू धर्म व इसे मानने वाले लोगों की भावनाओं से कोई लेना देना नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा मार्ग को ठीक नहीं कर रही है। पहाड़ लगातार दरक रहे हैं व बार-बार सड़के बाधित हो रही है। जिस कारण से इस बार चारधाम की यात्रा में काफी कमी आई है व लोगों की रोजी रोटी प्रभावित हो रही है। नगर अध्यक्ष हरेन्द्र राणा ने कहा कि सरकार या उनके समर्थक चाहे जो भी तर्क दें लेकिन दिल्ली में केदारनाथ मंदिर नहीं बनने दिया जायेगा।

चंबा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

चंबा में बुधवार को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष साब सिंह सजवाण के नेतृत्व में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में श्री केदारनाथ का प्रतीकात्मक मंदिर निर्माण पर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कृत्य सीधे-सीधे चार धामों को नीचा दिखाने की भाजपा सरकार की कोशिश है। उक्त मंदिर निर्माण के नाम पर करोड़ों रूपये का चंदा इकह्वा किया जा रहा है। जल्द इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। पुतला जलाने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज राणा, नरेंद्र चन्द रमोला, सोबन सिंह नेगी, विक्रम पंवार आदि थे।

चमोली में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

दिल्ली में केदारनाथ का प्रतीकात्मक मंदिर बनाए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने चमोली जिले के ब्लॉक मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर सनातन धर्म की मान्यताओं पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। दशोली ब्लाक अध्यक्ष गोविंद सिंह सजवाण के नेतृत्व में बुधवार को ब्लाक मुख्यालय चमोली के बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा दिल्ली में बनाए जा रहे केदारनाथ मंदिर का शिलान्यास राज्य के मुख्यमंत्री ने करके सनातन धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *