Uttarakhand : कई जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, इस जिले में आज स्कूल, आंगनबाड़ी की छुट्टी

Dehradun : मौसम विभाग ने 1 अगस्त तक का पूर्वानुमान जारी कर दिया है. इस पूर्वानुमान के अनुसार 1 अगस्त तक लगातार बारिश होगी. लगातार तीन दिन तक बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है. इस दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने को भी कहा गया है. बहुत भारी बारिश को देखते हुए बागेश्वर में स्कूलों और आंगनबाड़ी की छुट्टी है.

आज होगी बहुत भारी बारिश: मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार 27 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश भी होगी. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है

इन जिलों में येलो अलर्ट: इसके साथ ही टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे. हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं बादल जोर से गरजेंगे और वज्रपात की आशंका है. इन सभी जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

28 जुलाई को भी ऑरेंज अलर्ट: बारिश के लिहाज से मंगलवार 28 जुलाई भी बहुत संवेदनशील है. पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी. राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान है.

29 जुलाई को भी बहुत भारी बारिश: बुधवार 29 जुलाई को भी बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होगी. इसके साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे. इन सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. इन जिलों में येलो अलर्ट रहेगा.

गुरुवार को इन जिलों में भारी बारिश: गुरुवार 30 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान है. बाकी जिलों में वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गयी है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

31 जुलाई और 1 अगस्त का पूर्वानुमान: मौसम विभाग ने 31 जुलाई और 1 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.

बागेश्वर जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्या के अनुसार दिनांक 27 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित होने के बावजूद भी जनपद बागेश्वर के तीनों परीक्षा केंद्रों राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर ,राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ तथा राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट परीक्षा केंद्रों में उत्तराखंड बोर्ड द्वारा संचालित परीक्षाफल सुधार परीक्षा निर्धारित कार्यक्रमानुसार संपन्न होगी.

 

ये भी पढ़ें: https://uttarakhandhighlights.com/rudrapur-girl-informed-the-police-about-gang-rape-rapid-raids-were-conducted-in-search-of-the-accused/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *