Tragic accident : करंट की चपेट में पिता-पुत्री की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बीती देर शाम एक दर्दनाक हादसे में पिता और उसकी 12 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, नदीम सलमानी घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह घर के पास स्थित बिजली के पोल की चपेट में आ गए। पिता को करंट लगने की आवाज सुनकर उनकी बेटी अलिशबा भी छत पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पिता को बचाने की कोशिश के दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट उतरने की समस्या को लेकर विभाग को पहले भी शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कथित तौर पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

हालांकि, विद्युत पोल से करंट उतरने और हादसे के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को मोर्चरी में भिजवाया गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों को करंट लगने की सूचना मिली थी। उन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, भाजपा नेता मजहर नईम नवाब, इसरार अहमद और समाजसेवी उवैस राजा समेत कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली।

पिता-पुत्री की एक साथ हुई मौत से इलाके में शोक का माहौल है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर है, जिससे हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

पढ़ें : https://uttarakhandhighlights.com/tiger-attack-in-broad-daylight-near-ramnagar-population-horse-dragged-into-forest-people-in-panic/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *