Srishti Kandari : आरोपी पति और ननद गिरफ्तार, सास की भूमिका को लेकर जांच जारी

देहरादून: डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में सृष्टि कंडारी के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पहले ही सीओ डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की थी.

पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 को सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल) ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री (निवासी हर्रावाला) से हुआ था. विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था. इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई.

तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को मामले की विवेचना सौंपी गई. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई

सृष्टि कंडारी का वीडियो बना अहम साक्ष्य: जांच के दौरान पुलिस ने सृष्टि कंडारी की मां और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए. इसी दौरान सृष्टि कंडारी की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने घटना से पहले भेजा था. वीडियो में उसने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी. पुलिस का कहना है कि इसी सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई.

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया आरोपियों गिरफ्तारी के लिए थाना डोईवाला में टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने आज मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच जारी है. साथ ही मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

क्या है पूरा मामला: सृष्टि एक सरकारी शिक्षिका थीं जबकि उनके पति सौरभ सचिवालय में निजी सचिव हैं. मामले में सृष्टि की मां सीमा कंडारी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस को दी गई शिकायत में परिवार का आरोप है कि नवंबर 2025 में शादी के बाद से ही सृष्टि को दहेज व अन्य बातों से प्रताड़ित किया जा रहा था. शादी के तीन महीने सृष्टि के ससुर को दिल का दौरा पड़ा. उस दौरान ससुराल वालों ने किसी पंडित के कहने पर उसे ‘मनहूस’ घोषित कर दिया. हाल ही में घटना से तीन दिन पहले ससुर के निधन के बाद सृष्टि पर मानसिक दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया था.

सृष्टि की मां सीमा कंडारी ने बताया, जब 28-29 जुलाई को उनका सृष्टि से संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्होंने एक जान पहचान वाले को उसके ससुराल भेजा. वहां जाने पर पता चला कि सृष्टि अस्पताल में भर्ती है. जबतक वो लोग देहरादून पहुंचे, तबतक सृष्टि की मृत्यु हो चुकी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *