12 नवंबर 2023 की तारीख देश और उत्तराखंड के लोगों को भले याद न हो, दीपावली का दिन जब पूरा देश रोशनी के त्योहार की तैयारियों में व्यस्त था, निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में फंसी 41 जिंदगियों के आगे घोर अंधियारा था।
उस दीपावली देश ने पर्व तो मनाया, लेकिन लोगों का मन सिलक्यारा सुरंग में फंसी जिंदगियों पर अटका था। केंद्र सरकार, राज्य सरकार और न जाने कितनी सरकारी, गैर सरकारी एजेंसियां 17 दिनों तक अपनी मशीनी क्षमताओं की आस और एक अदृश्य शक्ति के भरोसे जुटी रहीं और 28 नवंबर को 41 जिंदगियों की डोर टूटने से बचाई गई।
वहीं, 17 महीनों बाद एक बार फिर बुधवार को उसी सिलक्यारा सुरंग ने आरपार की लड़ाई जीत ली है। सुरंग के एक छोर से दूसरे छोर के जुड़ने पर जहां दो धाम गंगोत्री यमुनोत्री के बीच की दूरी कम हुई, वहीं बढ़ाया है विश्वास और हौसला। लिहाजा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रमिकों की शक्ति के साथ उस अदृश्य शक्ति (बाबा बौखनाथ) की पूजा की तैयारियों के साथ सिलक्यारा पहुंचे, जिसका लोहा अंतरराष्ट्रीय टनल विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स भी मानते हैं।