देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. कल्याणपुर इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर से गोली चलने की आवाज आई. इसके बाद लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे के नजारा ही कुछ और था. कमरे में जहां एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई थी, तो वहीं महिला गंभीर रूप से घायल थी. घायल महिला को पुलिस ने तुरंत हॉस्पिटल भिजवाया.
घायल महिला को हॉस्पिटल भिजवाने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलवाया और साक्ष्य एकत्र किए. फिलहाल पुलिस तमाम एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि गोली चलने के कारणों और दोनों के संबंधों व घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
इस मामले पर ज्यादा जानकारी देते हुए विकासनगर सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि 22 जुलाई सुबह को विकासनगर के कल्याणपुर इलाके में एक घर से गोली चलने की आवाज आई थी. इसकी सूचना पुलिस को करीब 10:15 बजे मिली. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची.
पुलिस के अनुसार जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसको गोली लगी हुई थी, जो मौके पर मृत अवस्था में था. महिला के परिजनों को सूचित कर दिया है. मृतक व्यक्ति के बारे में अभी जांच चल रही है. मौके से पुलिस को एक तमंचा भी बरामद हुआ है. महिला इस घर में किराए पर रहती थी. महिला के पति को पुलिस ने घटना की सूचना दे दी है.
पुलिस के अनुसार मृतक पुरुष की पहचान कमलेश पुत्र दौलत सिंह निवासी हयो, थाना चकराता, देहरादून और घायल महिला की पहचान संगीता नेगी पत्नी प्रीतम सिंह निवासी ग्राम भटाणु त्यूणी जनपद देहरादून के रुप में हुई. घटना के संबंध में जानकारी की तो पता चला कि मकान रविन्द्र बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह का है, जहां संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ किराए पर रहती थी. मौके से पुलिस को एक 315 बोर का तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद हुए है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
