Rudrapur News : वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन उग्र, गिरफ्तारी की मांग पर हाईवे जाम

रुद्रपुर: भाजपा नेता और उनके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज का विरोध प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर निगम परिसर में जुटे और सफाई कार्य का बहिष्कार करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रामपुर-हल्द्वानी हाईवे पर जाम लगा दिया।

मामला 9 अगस्त को स्कूटी को टक्कर लगने के बाद हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि विवाद के दौरान भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई सन्नी चुघ ने तीन लोगों के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप लगाए हैं। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज वाल्मीकि समाज के लोगों ने सोमवार को काम का बहिष्कार कर नगर निगम परिसर में धरना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर दोपहर दो बजे तक का समय मांगा, लेकिन इससे पहले ही प्रदर्शनकारी हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया।

जाम की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली, पंतनगर और दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी दोबारा नगर निगम परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत की। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की ओर से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग जारी है। समाज ने चेतावनी दी है कि तय समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर कोतवाली का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी कोतवाली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिलाया। रुद्रपुर विधायक शिव सिंह अरोड़ा ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी।

फिलहाल पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। वाल्मीकि समाज की मुख्य मांग नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाना है।

ये भी पढ़ें: https://uttarakhandhighlights.com/haridwar-news-a-flood-of-faith-gathered-in-haridwar-amidst-rain-chants-of-har-har-mahadev-echoed-even-on-the-last-day/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *