रुद्रपुर: त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी मिठाई और मावे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बाजपुर तहसील के सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कई मिठाई प्रतिष्ठानों और निर्माण स्थलों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध मावा, मिठाई और केक बरामद किए गए।
प्रशासन को क्षेत्र में मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने एक घर में छापा मारा, जहां कथित तौर पर मिलावटी मिठाई और मावा तैयार किया जा रहा था। मौके से तैयार मिठाइयों के साथ मावा और मिलावटी मावा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। खाद्य विभाग ने जांच के लिए नमूने लिए और मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया।
इसके बाद टीम ने एक स्वीट्स प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां करीब 50 किलो खोया और छैना से बनी मिठाइयां मिलीं, जिनमें गंदगी और कीड़े-मकोड़े पाए जाने की जानकारी सामने आई। अधिकारियों ने संबंधित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया और खोये के सैंपल जांच के लिए लिए। साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रतिष्ठान का चालान भी किया गया।
मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार हो रहा था मावा
अभियान के दौरान टीम एक अन्य मिठाई की दुकान पर पहुंची। यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड ऑयल से कथित तौर पर मावा तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, दुकान संचालक ने भी इस तरीके से मावा तैयार किए जाने की बात स्वीकार की।
जांच के दौरान मौके से करीब 80 किलो संदिग्ध मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और 1.5 क्विंटल मिलावटी केक बरामद किया गया। खाद्य विभाग ने आवश्यक नमूने लेने के बाद दुकान संचालक की मौजूदगी में संबंधित मिठाइयों और मावे को नष्ट कराया।
प्रशासन के मुताबिक, संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा खाद्य विभाग की ओर से नियमों के तहत अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के बाद राजस्व और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट को स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच के लिए लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मिठाई, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार करने और बेचने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
