पौड़ी गढ़वाल: शहर में लंबे समय से खड़े एक खतरनाक पेड़ को हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं होने से विद्यालय प्रबंधन ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। वन विभाग और प्रशासन को कई बार पत्र भेजने के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर स्कूल प्रबंधन ने पेड़ के सामने बीन और ड्रम बजाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला पौड़ी शहर के एक निजी विद्यालय तक जाने वाले मार्ग का है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस रास्ते पर लंबे समय से एक पेड़ बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में खड़ा है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक और आम लोग गुजरते हैं। बारिश और तेज हवाओं के दौरान पेड़ के गिरने का खतरा और बढ़ जाता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि पेड़ को हटाने के लिए वन विभाग और प्रशासन को लगातार पत्राचार के माध्यम से जानकारी दी गई, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कार्रवाई में हो रही देरी से नाराज स्कूल के प्रधानाचार्य दामोदर ममगाईं ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
प्रधानाचार्य पेड़ के पास पहुंचे और वहां बीन बजाई गई, जबकि ड्रम भी बजाया गया। इसके जरिए प्रशासन को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
लगातार शिकायत और पत्राचार के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए बीन और ड्रम बजाने का तरीका अपनाना पड़ा। विद्यालय मार्ग से बड़ी संख्या में बच्चे गुजरते हैं, इसलिए किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते पेड़ को हटाना जरूरी है।
— दामोदर ममगाईं, प्रधानाचार्य
वन विभाग कार्यालय पहुंचे शिक्षक और छात्र
मामले को लेकर विद्यालय के कुछ शिक्षक और छात्र वन विभाग कार्यालय भी पहुंचे। छात्रों ने अधिकारियों के सामने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और विद्यालय मार्ग पर मौजूद खतरनाक पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की।
छात्रों और स्कूल प्रबंधन ने कहा कि यदि समय रहते इन पेड़ों को नहीं हटाया गया तो बारिश या तेज हवा के दौरान दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने किसी अप्रिय घटना से पहले सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की।
दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन
मामले पर डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि विद्यालय मार्ग पर मौजूद खतरनाक पेड़ों को चिन्हित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आगामी दो दिनों के भीतर पेड़ों के कटान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वन विभाग के अनुसार, लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि पेड़ों के कारण किसी व्यक्ति को खतरा न हो।
