रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर से देघाट जा रही रोडवेज बस भकराकोट के पास हादसे का शिकार होते-होते बच गई।
सामने अचानक आई कार को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे उतर गई।
हालांकि, चालक की सूझबूझ से बस पलटने से बच गई। घटना के वक्त बस में करीब 10 से 12 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
बस के अचानक सड़क से नीचे उतरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई।
गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और समय रहते रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अचानक सामने आई कार, चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज बस रामनगर से देघाट की ओर जा रही थी।
मोहान से आगे भकराकोट के पास अचानक एक कार सामने आ गई।
कार को टक्कर से बचाने के लिए बस चालक ने तुरंत वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ा।
इस दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
हालांकि चालक ने समय रहते बस को नियंत्रित कर लिया
और उसे पलटने से बचा लिया। हादसे के बाद बस में मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
बाल-बाल बचे यात्री
घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी अन्य बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
बस में सवार करीब 10 से 12 यात्री अचानक हुए घटनाक्रम से घबरा गए थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहाड़ी मार्ग पर सड़क संकरी होने के कारण
सामने से आने वाले वाहनों को लेकर अक्सर खतरा बना रहता है।
उन्होंने संबंधित मार्ग के चौड़ीकरण की मांग भी उठाई है।
संकरी सड़क को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनगर-देघाट मार्ग के इस हिस्से में सड़क की चौड़ाई कम है।
ऐसे में आमने-सामने वाहन आने पर चालकों के लिए उन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है।
लोगों ने बताया कि हाल ही में इसी क्षेत्र में एक डंपर पहाड़ी से नीचे गिर गया था
जिसमें चालक की मौत हो गई थी।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण स्थानीय लोग सड़क को सुरक्षित बनाने और चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं।
2024 के मरचूला बस हादसे की याद हुई ताजा
रामनगर-देघाट मार्ग पर रोडवेज बस के हादसे का शिकार होने से बचने की घटना ने
नवंबर 2024 के मरचूला बस हादसे की याद भी ताजा कर दी। 5 नवंबर 2024 को सल्ट क्षेत्र के
मरचूला में कूपी बैंड के पास एक बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी।
उस हादसे में 36 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 27 लोग घायल हुए थे।
हादसे ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था।
ऐसे में पहाड़ी सड़कों पर एक बार फिर बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बचने की घटना ने सुरक्षित यातायात
और सड़क की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल भकराकोट की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/dodital-ganesh-janmabhoomi-ganesh-chaturthi-uttarkashi/
![]()
